वसंत वैली स्कूल में आयोजित ‘आज तक’ हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता २०२५ में दिल्ली व देश के अन्य भागों से ३० प्रतिष्ठित प्रतिभागी विद्यालयों ने अपनी वाक्पटुता और तर्कशक्ति का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए ‘सरदार पटेल विद्यालय’ और ‘वसंत वैली स्कूल’ ने मुख्य चरण के संसदीय चक्र तक पहुँचने का गौरव प्राप्त किया।
मुख्य मंच पर दोनों विद्यालयों की टीमों ने “भारतीय समाजशास्त्रियों का सदन मानता है कि भारत का संविधान गंभीर संकट में है” विषय पर दमदार और तर्कपूर्ण बहस प्रस्तुत की। सशक्त तर्क, सटीक प्रत्युत्तर और बेहतरीन प्रस्तुति के आधार पर निर्णायकों ने ‘वसंत वैली स्कूल’ की टीम को विजेता घोषित किया। विजेता टीम में अमायरा खेर, रितिका पवार और ऋद्धिमा पवार शामिल थीं।
‘सरदार पटेल विद्यालय’ का प्रतिनिधित्व झीलम पात्रा, आरुष मिश्रा और गौरी सिंह ने किया, जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट वक्तृत्व कला से सभी का ध्यान आकर्षित किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में आरुष मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ वक्ता और अमायरा खेर को सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता घोषित किया गया।
दोनों विद्यालयों ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से इस प्रतियोगिता को यादगार बना दिया और वे इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई के पात्र हैं।